घोषी बीआरसी में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने मॉडल के जरिए दिखाई प्रतिभा
महिला वैज्ञानिकों के योगदान पर रहा विशेष जोर, विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित
घोषी (जहानाबाद)। घोषी प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में बुधवार को प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष प्रदर्शनी की थीम ‘Women in Science: Catalysing Viksit Bharat’ यानी ‘विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत के निर्माण में उत्प्रेरक’ रखी गई थी। इसमें वर्ग छह से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों, प्रयोगों और नवाचारों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी सरिता कुमारी, अंचल अधिकारी अजित कुमार एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आफाक अंसारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों और परियोजनाओं का अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की।प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान, पर्यावरण, तकनीक और सामाजिक उपयोगिता से जुड़े कई आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर दो वर्गों में सफल प्रतिभागियों का चयन किया गया।
वर्ग छह से आठ में कुर्रे मध्य विद्यालय की सिंपल कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मध्य विद्यालय हरिदासपुर की निशि कुमारी दूसरे और पीएम श्री हाई स्कूल घोषी की अंशु कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं, वर्ग नौ से 12 में एमकेडी भारतु की मधु कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। उच्च विद्यालय हरिदासपुर की निधि कुमारी दूसरे तथा एमकेडी भारतु की पल्लवी कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि विज्ञान केवल किताबों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि समाज और देश के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और नवाचार की भावना विकसित करना समय की जरूरत है। उन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान की चर्चा करते हुए छात्राओं को भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और वैज्ञानिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिला। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में खासा उत्साह देखा गया।
Jehanabad, Jehanabad | Nov 25, 2026