छठ घाटों का डीएम ने किया निरीक्षण, संध्या अर्घ्य के बाद शुरू हुई सफाई; सुबह के अर्घ्य की तैयारी तेज
लोक आस्था के महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य के दौरान जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं अन्य वरीय अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का लगातार निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही एसडीआरएफ की बोट से नदी एवं घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा की।
डीएम ने पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों, छठव्रतियों, श्रद्धालुओं और आम लोगों से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। प्रशासन की ओर से सभी घाटों पर श्रद्धालुओं और व्रतियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। आपदा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे।
सभी घाटों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी। कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया था, जबकि वीडियो कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही थी।
इधर, जिलाधिकारी के निर्देश पर संध्या अर्घ्य संपन्न होने के बाद घाटों की साफ-सफाई शुरू कर दी गई है। सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों को तेजी से तैयार किया जा रहा है। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को ऊषा अर्घ्य के दौरान भी पूरी तरह सजग एवं सतर्क रहने का निर्देश दिया है।