जेल में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, 98 बंदियों ने किया व्रत; मुस्लिम महिला और सिख पुरुष भी रहे शामिल
मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा, मुजफ्फरपुर में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का विधिवत समापन हो गया। जेल परिसर में पूरे श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक विधि-विधान के साथ छठ महापर्व मनाया गया।
इस वर्ष जेल में कुल 98 महिला एवं पुरुष बंदियों ने छठ व्रत किया। इनमें 51 महिलाएं और 47 पुरुष शामिल थे। खास बात यह रही कि छठ व्रत करने वालों में एक मुस्लिम महिला और एक सिख पुरुष बंदी भी शामिल रहे। जेल की चारदीवारी के भीतर धर्म और मजहब से ऊपर उठकर आस्था और भक्ति की अनूठी मिसाल देखने को मिली।
सरकार के आदेश के आलोक में जिला प्रशासन की ओर से इस वर्ष छठ पूजा के लिए भव्य एवं आकर्षक व्यवस्था की गई थी। महिला व्रतियों के लिए साड़ी, लहठी और चूड़ी, जबकि पुरुष व्रतियों के लिए धोती, गंजी और गमछा उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा डाला, सूप, पकवान, फल, मिठाई सहित पूजा की सभी आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था जेल प्रशासन की ओर से की गई थी।
छठ घाट परिसर की साफ-सफाई और रंग-रोगन के साथ केले के पेड़, गुब्बारे, रंगीन रोशनी, झालर और फूल-मालाओं से आकर्षक सजावट की गई थी। जेल रेडियो पर महान लोक गायिका स्व. शारदा सिन्हा के छठ गीत गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
वहीं, सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से घाट पर पांच प्रशिक्षित तैराकों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही बंदियों ने छठी मइया से सुख-समृद्धि और जीवन में खुशहाली की कामना की। #photooftheday #nonfollowers #chhathpooja #photographychallenge #photography # Tv20Bihar