भागलपुर 21 अगस्त 2026, श्रावणी मेला-2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा पर्यटन विभाग एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में धांधी बेलारी महाशिविर तथा सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट के सांस्कृतिक मंच पर पूरे सावन माह भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दिनांक 28 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में भागलपुर जिला सहित बिहार एवं देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों द्वारा गायन, वादन, नृत्य एवं नृत्य-नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को धांधी बेलारी महाशिविर के सांस्कृतिक मंच पर स्थानीय कलाकारों द्वारा भगवान शिव को समर्पित भक्ति गीतों एवं लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। सोहराई कुमार निराला, अंगिका कुमारी, भागलपुर, सचिन कुमार दास, भागलपुर तथा मंजूषा कला प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर के लोक नृत्य दल ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से कांवरियों एवं श्रद्धालुओं को शिव भक्ति में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक मनोज कुमार मिश्रा ने किया।
सभी कलाकारों को जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
वहीं, नमामि गंगे घाट के मुख्य सांस्कृतिक मंच पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। तारा संगीत कला केंद्र, पटना के सचिव मानव कुमार, मैहर संगीत कला विकास समिति, पटना के सचिव एम. कुमार, स्वर कला संगम की उर्वशी कुमारी तथा स्वर साधना, पटना के कलाकारों ने भक्ति एवं लोक संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उद्घोषक अंकिता पल्लव ने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया।
वाद्य संगत में पैड पर गंगा कुमार दास, ढोलक पर लालमोहन प्रसाद, तबला पर मृदुल चंद्र राकेश, ऑर्गन पर राजेश झा तथा बैंजो पर रिंकू ने शानदार संगत प्रदान की।
कलाकारों द्वारा “मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी भोलेनाथ जी” एवं “हर हर शंभू, शंभू शिव महादेव” जैसे लोकप्रिय शिव भजनों की प्रस्तुति दी गई। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों से पूरा नमामि गंगे घाट शिवमय हो उठा। उपस्थित श्रद्धालु एवं दर्शक “बोल बम-बोल बम” के जयघोष के साथ भक्ति में झूमते नजर आए। बिहार की समृद्ध लोक संगीत परंपरा पर आधारित प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया।
स्थानीय कलाकारों ने भगवान शिव को समर्पित प्रार्थना रूपी भजनों के माध्यम से समाज के कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। उपस्थित सुधी दर्शकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया। कलाकारों ने भी मंच से श्रावणी मेला के दौरान उन्हें प्रस्तुति का अवसर प्रदान करने तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।
धांधी बेलारी महाशिविर के मंच पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नमामि गंगे घाट के मुख्य मंच पर जिला पदाधिकारी, भागलपुर अलंकृता पाण्डेय एवं उप विकास आयुक्त रवि राकेश की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
श्रावणी मेला-2026 के दौरान आयोजित ये सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिहार की समृद्ध लोक कला, संगीत एवं नृत्य परंपराओं को व्यापक मंच प्रदान कर रहे हैं। जिला प्रशासन के इस प्रयास से श्रद्धालु जहां शिव भक्ति में सराबोर हो रहे हैं, वहीं स्थानीय एवं राज्य स्तरीय कलाकारों को अपनी कला के प्रदर्शन का महत्वपूर्ण अवसर भी मिल रहा है।
District Administration Patna
Bhagalpur District Administration
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
Banka District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
2 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 21, 2026