त्यौहारों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा: चरखी दादरी पुलिस ने किया भव्य फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को दी कड़ी चेतावनी
आगामी त्यौहारों के दौरान जिले में सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस अधीक्षक (IPS) लोगेश कुमार पी के कुशल मार्गदर्शन एवं सख्त दिशानिर्देशानुसार सोमवार को दादरी शहर के संवेदनशील और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल द्वारा एक विशाल और प्रभावी पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना तथा असमाजिक व शरारती तत्वों को कानून व्यवस्था बनाए रखने का कड़ा संदेश देना था।
इस पैदल फ्लैग मार्च में निरीक्षक कुलदीप के नेतृत्व में प्रबंधक अफसर पुलिस लाइन SI रामपाल, ASI राहुल फौगाट एवं दादरी पुलिस की विशेष रूप से गठित पुलिस कंपनी के जवानों ने पूर्ण वर्दी और मुस्तैदी के साथ हिस्सा लिया।
पुलिस बलों का यह मार्च शहर के विभिन्न भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील व्यावसायिक क्षेत्रों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का शुभारंभ रोहतक चौक से हुआ, जिसके बाद पुलिस का काफिला शहर के केंद्र स्थल अंबेडकर चौक, लाला लाजपत राय चौक, पुरानी अनाज मंडी और व्यस्ततम रेलवे रोड से होता हुआ रोहतक फाटक पहुंचा। इन सभी क्षेत्रों में पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों से सीधा संवाद भी कायम किया। अंत में, यह फ्लैग मार्च रोहतक फाटक से होते हुए पुलिस लाइन, दादरी में पहुंचकर सकुशल संपन्न हुआ।
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी (IPS) ने त्यौहारी सीजन की सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि त्यौहारों के अवसर पर बाजारों में खरीदारी के लिए नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर:
भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरी, छेड़छाड़, चेन स्नेचिंग या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
महिला सुरक्षा प्राथमिकता:
महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती से बाजारों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
यातायात एवं भीड़ नियंत्रण:
त्यौहारों के दौरान यातायात में व्यवधान न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य रास्तों पर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। चिह्नित स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है ।
नागरिकों से शांति और सहयोग की अपील
फ्लैग मार्च के माध्यम से दादरी पुलिस ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे त्यौहारों को भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से आग्रह किया है कि यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या लावारिस सामान दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर दें।
Uklana, Hissar | Nov 2, 2026