बलिया शहर के माल्देपुर घाट पर शनिवार शाम गंगा नदी में नहाने के दौरान दो युवक डूब गए। दोनों की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस और पीएसी की फ्लड प्लाटून ने युवकों की तलाश शुरू कर दी।
अंधेरा होने के चलते प्रकाश की व्यवस्था कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ को भी सूचना दी गई है, ताकि जल्द से जल्द दोनों युवकों को खोजा जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अलग-अलग परिवारों से हैं और आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। शनिवार शाम वे फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि नहाते समय दोनों वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरे युवक का पैर भी फिसल गया और वह भी नदी में डूब गया।
घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक बलिया डॉ. ईराज राजा ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों, पीएसी की फ्लड प्लाटून और अन्य संसाधनों की मदद से लगातार तलाश की जा रही है। एनडीआरएफ को भी सूचित किया गया है। युवकों को जल्द से जल्द खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी ने लोगों से अपील की कि हाल ही में बाढ़ का समय बीतने के कारण गंगा के घाटों पर कटान और गहरे गड्ढों की स्थिति हो सकती है। ऐसे में किसी भी अनजान या असुरक्षित स्थान पर स्नान करने से बचें। केवल निर्धारित और सामान्य स्नान घाटों का ही इस्तेमाल करें। बच्चों को अकेले नदी या गहरे पानी के पास न जाने दें और स्नान के दौरान वीडियो बनाने या लापरवाही बरतने से बचें।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई है, लेकिन आम लोगों को भी स्वयं सतर्क रहने की जरूरत है।
#Ballia #BalliaKhabar #MaldepurGhat #GangaRiver #BalliaPolice #SPBallia #DrIrajRaja #NDRF #PAC #RescueOperation #Ganga #बलिया