छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. इराज राजा लगातार छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को दोनों अधिकारियों ने विकासखंड सोहांव के अंतर्गत बड़काखेत घाट और माल्देपुर घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने घाटों का भ्रमण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर आने वाली व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता और सुरक्षा के साथ सभी जरूरी सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. इराज राजा ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिला प्रशासन की ओर से जनपद के विभिन्न छठ घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डीएम और एसपी के लगातार निरीक्षण से स्पष्ट है कि प्रशासन छठ महापर्व को लेकर तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता।
#ChhathPujaTradition #chhathmahaparv #DmBallia #SPBallia #gyanendrasinghpatel #irajraja #Balliakhabar