बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में 20 दिन की नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, रमेश गौंड की बहन अपनी करीब 20 दिन की बेटी को लेकर सोई हुई थी।
इसी दौरान गांव से डीजे बजाते हुए कुछ लोग गुजर रहे थे। कुछ देर बाद मां ने बच्ची को देखा तो वह रो नहीं रही थी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मनियर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस, बलिया भेज दिया। वहीं, पुलिस ने संबंधित डीजे को नियमानुसार सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने घटना की जानकारी दी।
#maniyar #bansdih #Balliakhabar
Belthara Road, Ballia | Nov 14, 2026