गांव-गांव पहुंची #बलरामपुर पुलिस, 'मिशन शक्ति' से महिलाओं को किया जागरूक
ग्राम चौपालों और जनसंवाद के जरिए दी गई सुरक्षा व कानूनी अधिकारों की जानकारी; आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया सतर्क
#बलरामपुर: जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा मिशन शक्ति नोडल प्रभारी व अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों के गांवों, कस्बों और विद्यालयों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत मिशन शक्ति टीमों ने ग्राम चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, बाल विवाह, साइबर अपराध (डिजिटल अरेस्ट) तथा 'गुड टच-बैड टच' जैसे विषयों पर विस्तार से जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बाल विवाह और दहेज प्रथा को गंभीर सामाजिक कुरीति एवं कानूनी अपराध बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम में महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में मदद के लिए 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपात सेवा), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) तथा 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) जैसे प्रमुख नंबरों की जानकारी दी गई।
इसके अलावा थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र व परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में बताते हुए महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पैम्फलेट भी वितरित किए गए।
#balrampur #balrampurpolice