#Balrampur ! #ऑपरेशन_त्रिनेत्र: #गोंडा-#बलरामपुर बॉर्डर पर लगे हाईटेक CCTV कैमरे, रेहरा पुलिस रखेगी चप्पे-चप्पे पर नजर
#बलरामपुर। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अन्तर्जनपदीय बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले अत्याधुनिक CCTV कैमरे स्थापित किए गए हैं।
थाना रेहरा बाजार पुलिस ने गोंडा-बलरामपुर के दतौली अन्तर्जनपदीय बॉर्डर पर महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर कई हाई-टेक कैमरे लगवाए हैं। साथ ही सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए आवश्यकतानुसार बैरीकेटिंग की व्यवस्था भी की गई है। क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और कैमरों का निरीक्षण किया।
इन उच्च क्षमता वाले कैमरों के माध्यम से बॉर्डर क्षेत्र से गुजरने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों पर 24 घंटे सतर्क निगरानी रखी जाएगी। इससे न केवल अपराध की रोकथाम में मदद मिलेगी, बल्कि किसी भी अप्रिय घटना के घटित होने पर संदिग्धों और वाहनों की त्वरित पहचान कर मामले का अनावरण आसान होगा।
बॉर्डर पर बैरीकेटिंग के जरिए पुलिस संदिग्ध वाहनों को रोककर गहन चेकिंग और सत्यापन अभियान चला रही है। एसपी बलरामपुर ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील व सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ाने, कैमरों की निरंतर मॉनिटरिंग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया है।
#balrampur #balrampurpolice #rehrabazar #gonda