श्री गुरू रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथयात्रा का समापन
समरसता संकल्प कलशयात्रा ने जन-जन तक पहुंचाया संत रविदासजी का संदेश : विधायक श्री परिहार
जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सैकड़ों ग्रामों में पहुंची कलश रथयात्रा
नीमच, 10 सितंबर 2026। संत श्री रविदासजी ने अपने जीवन के माध्यम से भक्ति, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेशभर में श्री गुरू रविदास महाराज #समरसता_संकल्प_अभियान एवं #कलश_रथयात्रा का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नीमच जिले में 20 अगस्त 2026 से प्रारंभ हुई कलश रथयात्रा ने जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के गांवों एवं नगरों में पहुंचकर संत रविदासजी के विचारों और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
नीमच विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार ने यह बात गुरुवार को पं. अटलबिहारी वाजपेयी सभागृह (टाउन हॉल), नीमच में आयोजित अभियान के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि संत रविदासजी का जीवन सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को समरसता की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं।
समारोह में नगरपालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चौपड़ा, श्री धनसिंह कैथवास एवं श्री रवि गोयल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने अभियान के उद्देश्यों एवं सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डाला।
कलश रथयात्रा ने गांव-गांव पहुंचाया समरसता का संदेश
20 अगस्त से प्रारंभ हुई कलश रथयात्रा ने जिले के लगभग 282 ग्रामों का भ्रमण किया और 10 सितंबर को नीमच शहर में प्रवेश किया। यात्रा के दौरान ग्रामीणों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर संत रविदासजी के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
समापन समारोह में अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने पवित्र कलश एवं संत रविदासजी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया और पूजा-अर्चना की। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया गया। स्वागत भाषण जिला संयोजक, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, श्री मनोज लिधोरिया ने दिया।
संत रविदास स्वरोजगार योजना के हितग्राही सम्मानित
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित संत रविदास स्वरोजगार योजना के हितग्राही श्री नरेन्द्र वीरवाल, निवासी नीमच एवं श्री जसवंत मालवीय, निवासी बरूखेड़ा को स्वीकृति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में श्री हेमंत हरित, श्री महेन्द्र भटनागर, श्री धनसिंह कैथवास, श्री रतनलाल मालावत, श्री रवि गोयल, श्रीमती किरण शर्मा, श्रीमती हेमलता धाकड़ सहित बड़ी संख्या में संत रविदासजी के अनुयायी, जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मंजुला धीर ने किया तथा आभार श्री मुकेश वर्मा ने व्यक्त किया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
#Neemuch
#नीमच