स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्यक्रम अति महत्वपूर्ण, कलेक्टर्स सतत मॉनिटरिंग करें — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
17 सितम्बर से शुरू होगा अभियान, व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी माननीय मुख्यमंत्री ने की समीक्षा
नीमच, 10 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में 17 सितम्बर से प्रारंभ हो रहा स्वामित्व अधिकार, अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्यक्रम-2026 मध्यप्रदेश शासन का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। कलेक्टर इस कार्यक्रम की सतत मॉनिटरिंग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने कार्यक्रम में पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को स्वामित्व अधिकार, अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्यक्रम-2026 की तैयारियों के संबंध में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां 17 सितम्बर से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा आमजन को अभियान की जानकारी देने के लिए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
माननीय मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान का प्रथम चरण 17, 18 एवं 19 सितम्बर, द्वितीय चरण 24, 25 एवं 26 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा। आवश्यकता होने पर 1, 2 एवं 3 अक्टूबर 2026 को भी अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह व्यापक जनहित का अभियान है, इसलिए संबंधित अधिकारियों द्वारा इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ आमजन तक इसकी जानकारी पहुंचाना भी सुनिश्चित किया जाए।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि अभियान से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं और अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले एवं प्रदेश में किए जा रहे सकारात्मक कार्यों की भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयाड़िया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#MukhymantriJanVishwasAbhiyan
#Neemuch
#नीमच