श्री टी कंपनी का आकस्मिक निरीक्षण, 1.38 लाख रुपये की खाद्य सामग्री जप्त
चाय में इलायची के स्थान पर इलायची छिलके का उपयोग पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए 4 नमूने
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में 10 सितम्बर को खाद्य सुरक्षा टीम ने नीमच के विकास नगर स्थित खाद्य प्रतिष्ठान श्री टी कंपनी का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर चाय में इलायची के स्थान पर इलायची छिलके का उपयोग किया जाना पाया गया। मौके पर विभिन्न पैकिंग में इलायची युक्त चाय का निर्माण एवं पैकिंग की जा रही थी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए टीम द्वारा चाय, श्रीफल गोल्ड चाय इलायची युक्त, श्रीफल चाय इलायची युक्त तथा इलायची छिलका सहित कुल 4 नमूने लिए गए।
जांच के दौरान विक्रय हेतु भंडारित श्रीफल गोल्ड चाय इलायची युक्त एवं श्रीफल चाय इलायची युक्त चाय सहित कुल 55 किलोग्राम चाय तथा 14 किलोग्राम इलायची छिलका, कुल अनुमानित कीमत 1,38,500 रुपये, को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत जप्त (अधिग्रहित) किया गया।
इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लिए गए सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में यदि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिले में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Food, Civil Supplies & Protection - Madhya Pradesh
#Neemuch
#नीमच