नीमच जिले में आयुष विभाग ने लगाए निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं पोषण जागरूकता शिविर
85 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण
नीमच, 10 सितम्बर 2026। आयुष विभाग के अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य जागरूकता एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
इसी क्रम में शासकीय आयुर्वेद औषधालय मनासा द्वारा शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय हॉसपुर तथा शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में शिविर आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में कुल 85 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
मनासा के हॉसपुर में आयोजित शिविर में आमवात, संधिवात, उदर रोग, विबंध, श्वास-कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही तनाव प्रबंधन, नशा मुक्ति, स्वच्छता तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
शिविर में 49 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
इसी प्रकार नवम राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ अवसर पर पिपल्या रावजी के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में आयोजित शिविर में किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को आहार विविधता एवं प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। त्वचा रोग, उदर रोग, श्वास-कास, संधिवात, अम्लपित्त, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप आदि से संबंधित रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
शिविर में 36 लाभार्थियों ने लाभ लिया। उपस्थित लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, तनाव प्रबंधन, नशा मुक्ति एवं स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया।
हॉसपुर शिविर में डॉ.मदनलाल पाटीदार, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी ने सेवाएं दीं। डॉ.स्वाती जैन, मुकेश कुमार आर्य, माध्यमिक शिक्षक, श्रीमती रीना नरवरिया एवं श्रीमती सुशीला खिंचावत ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया। श्री अनिल धनगर एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं पिपल्या रावजी शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ.आबिद खान, कंपाउंडर गोपाल कृष्ण गंधर्व, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित रहीं।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Ayush, Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#Neemuch
#नीमच