राजा बाजार में जलजमाव के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य तेज
जहानाबाद। राजा बाजार अंडरपास में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर संबंधित विभागों द्वारा कार्य तेज कर दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति की अनुशंसा के आलोक में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के कारण आमजन को हो रही परेशानी को कम करने और परियोजना को शीघ्र पूरा कराने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी लगातार कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश के अनुसार राजा बाजार अंडरपास स्थित एनएच-110 की एक लेन का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसे आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। वहीं दूसरी लेन में भी कार्य शुरू कर दिया गया है। कार्य को जल्द पूरा करने के लिए क्विक सेटिंग सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है।
कार्यपालक अभियंता, एनएच-110 को एक सप्ताह के भीतर शेष कार्य पूरा कर संबंधित लेन को हैंडओवर करने का निर्देश दिया गया है।
स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना की समीक्षा के दौरान बुडको को क्षेत्र में अब तक ड्रेनेज सिस्टम से नहीं जुड़े सभी छूटे हुए नालों को तत्काल चिह्नित करने और उन्हें मुख्य स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम से जोड़ने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
अनुमंडल पदाधिकारी को स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के कार्यों की लगातार निगरानी और अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य परियोजना को जल्द पूरा कराकर जहानाबाद शहरी क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।