प्रख्यात लेखिका, समाजसेवी एवं राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति ने किया ऐतिहासिक बराबर गुफाओं का भ्रमण
सुधा मूर्ति ने किया ऐतिहासिक बराबर गुफाओं का भ्रमण
जहानाबाद। प्रख्यात लेखिका, समाजसेवी एवं राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति ने रविवार को जिले की विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक बराबर गुफाओं का भ्रमण किया। उन्होंने प्राचीन शैलकृत स्थापत्य कला, निर्माण तकनीक और गुफाओं के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने इस अनमोल धरोहर को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल में शामिल किए जाने की अपील की।
सुधा मूर्ति के आगमन पर अपर समाहर्ता, विभागीय जांच विनय कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने विशाल चट्टानों को काटकर बनाई गई गुफाओं की अद्भुत रॉक-कट स्थापत्य कला का अवलोकन किया। गुफाओं की दीवारों पर आज भी दिखाई देने वाली दर्पण जैसी चमकदार पॉलिश तथा भीतर उत्पन्न होने वाले विशिष्ट ध्वनि एवं प्रतिध्वनि प्रभाव ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया।
उन्होंने कहा कि बराबर गुफाएं प्राचीन भारत की उन्नत इंजीनियरिंग, वैज्ञानिक सोच और अद्भुत शिल्प कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। गुफाओं के ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं स्थापत्य महत्व से प्रभावित होकर उन्होंने इसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल में शामिल करने की दिशा में पहल की अपील की, ताकि इस प्राचीन विरासत को वैश्विक पहचान मिल सके।
जिला प्रशासन ने देश-दुनिया के इतिहासकारों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, पर्यटकों एवं विरासत प्रेमियों से बराबर गुफाओं का भ्रमण करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि इस धरोहर के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को व्यापक स्तर पर प्रचारित कर पर्यटन के क्षेत्र में इसकी पहचान को और मजबूत किया जाएगा।
बराबर गुफाएं केवल एक ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि प्राचीन भारत की वैज्ञानिक प्रतिभा, स्थापत्य कौशल और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रमाण हैं।
इस अवसर पर अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।