विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर पीएमश्री स्वामी विवेकानंद शास.महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
–––
–––
विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर 10 सितंबर को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रायसेन में महाविद्यालय के NTF एवं उमंग हेल्थ क्लीनिक रायसेन के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अरुण कुमार शर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. युनुस खान, माय युवा भारत की मोनिका चौधरी, विशेषज्ञ वक्ता श्री मिथुन कुमार, महाविद्यालय का स्टॉफ तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में NTF प्रभारी कुसुम डूंगरवाल ने बताया कि आत्महत्या आज देश के समक्ष एक गंभीर चुनौती है, जिससे उबरने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थान, समाज एवं प्रशासन सहित प्रत्येक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष 10 सितंबर को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस मनाया जाता है।
डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को आत्महत्या एवं मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में आधारभूत जानकारी प्रदान करते हुए मानसिक परेशानियों को पहचानने और समय रहते सहायता लेने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
प्राचार्य डॉ. युनुस खान ने अपने उद्बोधन में समाजशास्त्र के विभिन्न विद्वानों एवं दुर्खीम के आत्महत्या संबंधी सिद्धांत का उल्लेख करते हुए आत्महत्या के सामाजिक पक्ष को समझाया। उन्होंने जिले में गठित मानसिक स्वास्थ्य निगरानी समिति के कार्यों की जानकारी देते हुए आत्महत्या की रोकथाम में प्रत्येक व्यक्ति के दायित्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप छात्रों में आत्महत्या की रोकथाम के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं।
विशेषज्ञ वक्ता श्री मिथुन कुमार ने पीपीटी के माध्यम से आत्महत्या, उसके कारणों एवं रोकथाम के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं तथा स्वास्थ्य केंद्र में संचालित मन प्रकोष्ठ के माध्यम से उपलब्ध मानसिक स्वास्थ्य एवं काउंसलिंग सेवाओं के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
महाविद्यालय की बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा शिवानी गौर ने आत्महत्या न करने तथा जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने को लेकर अपने मित्रों से बात करने पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन श्री जी.एस. कुर्वेती ने किया तथा आभार डॉ. सचिन कुमार द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर डॉ. दीपक कुमार मीणा, डॉ. वंदना श्रीवास्तव, श्री मोहम्मद अब्बास, एनसीसी अधिकारी श्री गौरव दांगी, श्रीमती कृति राय, डॉ. उमा शर्मा, डॉ. राखी सोनी, डॉ. अंजली अग्रवाल सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen
2 views | Raisen, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026