केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने मण्डीदीप सिविल अस्पताल में नवनिर्मित ओपीडी ब्लॉक का किया लोकार्पण
––––
रायसेन जिले में मण्डीदीप स्थित शासकीय सिविल अस्पताल में नवनिर्मित सुसज्जित ओपीडी ब्लॉक का रविवार को केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, वर्धमान ग्रुप के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट श्री राजीव आंगरा भी उपस्थित रहे। वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड मण्डीदीप द्वारा सीएसआर फंड अंतर्गत इस ओपीडी ब्लॉक का निर्माण कराया गया है, जिसमें पांच कक्ष है। केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान तथा विधायक श्री पटवा ने ओपीडी ब्लॉक का निरीक्षण किया। साथ ही अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने अपने उद्बोधन के प्रारंभ में वर्धमान ग्रुप को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका यह परोपकारी प्रयास आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा। नागरिकों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने सीएमएचओ से सिविल अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, डॉक्टर्स की उपलब्धता, सहायक उपकरण, नवनिर्मित ओपीडी ब्लॉक में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी लेते हुए कहा कि सिविल अस्पताल में और अधिक स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। जिससे कि मरीजों को और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले और उन्हें इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता ना पड़े।
कार्यकम में भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा ने कहा कि सिविल अस्पताल मंडीदीप में वर्धमान टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड मंडीदीप द्वारा चेयरमैन एवं पद्मविभूषण श्री एसपी ओसवाल के सहयोग से 56 लाख रू की लागत से निर्मित 5 नवीन ओपीडी कक्षों का शुभारंभ हुआ है। इन नवीन ओपीडी कक्षों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में यह एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल है। कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री द्वारा मण्डीदीप सिविल अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में अवगत कराया गया।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen
87 views | Raisen, Madhya Pradesh | Sep 6, 2026