जिलाधिकारी पूर्वी चंपारण श्री सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद भवन के सभागार में संपन्न हुई। बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता,जिलास्तरीय पदाधिकारी ,अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में सर्वप्रथम नीलामपत्र वाद की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले दो माह में इसमें काफी प्रगति आई है। सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी इसी मोमेंटम को बनाए रखें। जिलाधिकारी ने कहा कि वारंट अथवा नोटिस से संबंधित तामिला को प्रॉपर रूप से संबंधित व्यक्ति को हस्तगत कराएं और इसका रिकॉर्ड रखें। इस मामले में नीलम पत्र पदाधिकारी को बॉडी वारंट को अधिक गंभीरता से लेने का निर्देश दिया गया।
राजस्व महाभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी राजस्व पदाधिकारी एवं अंचलों के अंचल अधिकारी से म्यूटेशन, परिमार्जन, मापी जैसे मामलों को समय सीमा के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया। राजस्व महाभियान से संबंधित डैशबोर्ड बनाने का निर्देश दिया गया एवं प्रतिदिन की उपलब्धि से संबंधित डाटा अपलोड करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला में जो भी कंप्लेंट्स आ रहे हैं उसमें अधिकतर मामले म्यूटेशन परिमार्जन और माफी से संबंधित होते हैं। अतः अंचल अधिकारी इस पर ध्यान केंद्रित करें और इसका ससमय निष्पादन करें। अनावश्यक रूप से लोगों को परेशान नहीं किया जाए। सभी अंचलाधिकारी सहित अन्य सभी पदाधिकारी आमजन का फोन रिसीव करें और उनकी बातों को सुने। जिलाधिकारी के द्वारा निर्देश दिया गया कि क्षेत्रीय पदाधिकारी प्रतिदिन आम लोगों से मिलने का समय निर्धारित करें एवं उस अवधि में कार्यालय में निश्चित रूप से उपलब्ध रहें। लोगों की समस्याओं को ध्यान से सुने और उसका निराकरण करें। क्षेत्रीय पदाधिकारी को क्षेत्र भ्रमण के दौरान विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का भौतिक रूप से निरीक्षण करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए जमीन की जहां कहीं भी आवश्यकता है क्षेत्रीय पदाधिकारी भ्रमण के दौरान इसको भी ध्यान में रखें। जिलाधिकारी के द्वारा क्षेत्रीय पदाधिकारियों को नव स्थापित डिग्री कॉलेज का नियमित रूप से भ्रमण करने का निर्देश दिया गया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
East Champaran, Bihar | Sep 7, 2026