दूसरी सोमवारी को लेकर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई
जहानाबाद। सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर वाणावर स्थित सिद्धेश्वर नाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जहानाबाद, मखदुमपुर व बेला स्टेशन के साथ ही कोटेश्वर नाथ हॉल्ट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
आरपीएफ प्रभारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि सावन की सोमवारी को वाणावर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशनों और हॉल्ट पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। यात्रियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ ही भीड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी रखी जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने और उतारने के लिए जवानों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। आरपीएफ की टीम लगातार स्टेशनों पर गश्त करेगी।
सोमवारी को लेकर रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों का सहयोग करें।