बलरामपुर: पेट्रोल पंप पर कम पेट्रोल डालने के विरोध पर मौलाना की पिटाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर। गैसड़ी थाना क्षेत्र के मटेहना स्थित पेट्रोल पंप पर कम पेट्रोल डालने का विरोध करना एक मौलाना को भारी पड़ गया। आरोप है कि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने मिलकर मौलाना के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सड़वा गुलरिया निवासी मौलाना अकबाल मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे मटेहना स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। आरोप है कि पेट्रोल की मात्रा को लेकर उन्होंने विरोध जताया। इसी बात को लेकर पेट्रोल पंप कर्मचारियों और मौलाना के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और कर्मचारियों ने मौलाना अकबाल के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पीड़ित मौलाना अकबाल ने गैसड़ी थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने पर AIMIM के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पीड़ित के समर्थन में गैसड़ी कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने वायरल वीडियो और पीड़ित की तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौलाना अकबाल की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।