#Balrampur ! #Utraula ; सड़क या मौत का कुआं! #उतरौला_श्रृंगार जोत मार्ग पर 4 फीट गहरा गड्ढा, बच्चों से भरा ई-रिक्शा पलटा...
महुआ धनी चौराहे पर धंसी सड़क बनी जानलेवा; ग्रामीणों ने दी चक्का जाम की चेतावनी, अफसर साधे मौन...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
#उतरौला (#बलरामपुर)। तहसील मुख्यालय को श्रृंगार जोत और आसपास की 10 से अधिक ग्राम पंचायतों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार होकर 'मौत का कुआं' बन चुका है। महुआ धनी स्थित धनी चौराहा मोड़ पर सड़क के बीचो-बीच करीब 3 से 4 फीट गहरा और 6 फीट चौड़ा विशालकाय गड्ढा बन गया है। जलभराव के कारण यह गड्ढा राहगीरों को दिखाई नहीं देता, जिससे रोजाना गंभीर हादसे हो रहे हैं।
मासूमों की चीख-पुकार से दहला इलाका
हाल ही में सुबह करीब 8 बजे स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा एक ई-रिक्शा इसी गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलट गया। रिक्शे के नीचे बच्चों के दबते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि मासूमों को हल्की चोटें ही आईं और एक बड़ा हादसा टल गया। समाजसेवी राम बेचन शास्त्री का कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
लाखों का नुकसान, रोजाना चोटिल हो रहे राहगीर
इस गड्ढे के कारण बेलवा बिजौरा निवासी व्यापारी ध्रुव केशरवानी की 100 बोरी सीमेंट लदी ट्रॉली पलट गई, जिससे उन्हें 40 से 50 हजार रुपये का सीधा नुकसान उठाना पड़ा। इसके अलावा महुआ बाजार, बेलवा बिजौरा, महुआ धनी, श्रृंगार जोत, पाली, पाला और मटियरिया कर्मा सहित दर्जनों गांवों के किसान अपनी फसल मंडी तक नहीं ले जा पा रहे हैं। आए दिन आधा दर्जन से अधिक बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।
आंदोलन के मूड में ग्रामीण
ग्रामीण शौकत अली खां, राजेश यादव और राम कुबेर चौहान ने आक्रोश जताते हुए कहा कि पीडब्ल्यूडी और तहसील प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन केवल कोरे आश्वासन मिले। बरसात के बाद हालत बेहद भयावह हो चुकी है। यदि जल्द ही गड्ढा मुक्त सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो क्षेत्र की जनता चक्का जाम और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी।
अधिकारियों का रुख
मामले पर पीडब्ल्यूडी के संबंधित जेई से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं, एसडीएम उतरौला योगेन्द्र शरण शाह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही स्थल का निरीक्षण कराकर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
#balrampur #Utraula #followers #
#nonfollowers #followersreelsfypシ゚viralシfypシ゚viralシ