यूपी में आउटसोर्स कर्मियों के लिए ऐतिहासिक पहल: सीएम योगी ने किया UPCOS का शुभारंभ, बलरामपुर में सजीव प्रसारण से जुड़े कार्मिक
एम.एल.के. पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में निर्माण कामगारों को सहायता राशि व सफाई कर्मियों को मिली सुरक्षा किट
#बलरामपुर (02 सितंबर 2026)। प्रदेश में आउटसोर्स कार्मिकों के मानव संसाधन प्रबंधन को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम’ (UPCOS) का भव्य शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने निगम के नए पोर्टल, वेबसाइट और आधिकारिक लोगो का अनावरण किया। इस अवसर पर बलरामपुर के एम.एल.के. पीजी कॉलेज में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सैकड़ों आउटसोर्स कर्मियों ने सजीव प्रसारण के जरिए मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का मुख्य उद्देश्य आउटसोर्स एजेंसियों की मनमानी पर अंकुश लगाकर भर्ती प्रक्रिया, उपस्थिति, अवकाश प्रबंधन और शिकायत निवारण को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाना है। इस व्यवस्था से कर्मियों को समय पर वेतन, ईपीएफ (EPF) और ईएसआईसी (ESIC) के लाभ सुनिश्चित होंगे।
असुरक्षा की भावना होगी खत्म, मिलेंगे कई बड़े कल्याणकारी लाभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बलरामपुर सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स कर्मियों को सेवा सुरक्षा और सम्मान देकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब कर्मियों में नौकरी को लेकर असुरक्षा की भावना समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत कार्मिकों को:
5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा
दुर्घटना की स्थिति में 10 लाख रुपये तक की सहायता
बच्चों की शिक्षा के लिए 8 से 10 लाख रुपये तक की सहायता
बेटी के विवाह के लिए 10 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद
इसी क्रम में तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि निगम के गठन से बिचौलियों व एजेंसियों द्वारा मनमाने ढंग से की जाने वाली वेतन कटौती पर प्रभावी रोक लगेगी और कर्मियों को उनका पूरा हक सम्मान के साथ मिलेगा।
लाभार्थियों को 2-2 लाख की एफडी और सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट वितरित
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की ‘निर्माण कामगार मृत्यु व दिव्यांगता सहायता योजना’ के तहत चार लाभार्थियों—अर्जुन, श्याम कला, राधिका और मुख्तार को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि की एफडी (FD) सौंपी गई। इसके अलावा, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के सफाई कर्मियों को कार्य के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कार्मिक उपस्थित रहे। कार्मिकों ने इस जनहितैषी पहल के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
#balrampur #dmbalrampur