#बलरामपुर: महिला आयोग उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने स्वास्थ्य सेवाओं और वन स्टॉप सेंटर का लिया जायजा, नवजात शिशुओं को बांटी बेबी किट...
विकास भवन में आयोजित महिला जनसुनवाई में आईं 15 शिकायतें, त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए
बलरामपुर : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) श्रीमती चारू चौधरी ने बुधवार को बलरामपुर जनपद का दौरा कर महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों, जिला महिला चिकित्सालय, वृद्धाश्रम तथा वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
दौरे की शुरुआत में उपाध्यक्ष ने सिटी मॉन्टेसरी कॉलेज (विशुनीपुर, भगवतीगंज) में छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद उन्होंने जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। भर्ती गर्भवती महिलाओं से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नवजात शिशुओं की माताओं को 'बेबी किट' वितरित की। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मरीजों और तीमारदारों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
विकास भवन सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई के दौरान उपाध्यक्ष के सामने कुल 15 शिकायतें आईं। शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला उत्पीड़न और उनके हितों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपने भ्रमण के अंतिम चरण में उन्होंने वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों से मिलकर उनका हाल जाना और भोजन व स्वास्थ्य व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर उन्होंने पीड़ित महिलाओं को त्वरित कानूनी और सामाजिक सहायता प्रदान करने पर बल दिया।
#balrampur