खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई, लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
..
होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद सुरक्षा मानकों की जांच, खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला विदिशा द्वारा जिले में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं मिठाई प्रतिष्ठानों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा 15 सितंबर को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डॉमिनोज पिज्जा, अव्यक्त रेस्टोरेंट एवं रजवाड़ी स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। अव्यक्त रेस्टोरेंट से पनीर एवं आटा तथा रजवाड़ी स्वीट्स से रसगुल्ला के नमूने जांच हेतु लिए गए। इसी प्रकार 16 सितंबर को खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा ढाबा आशियाना, कल्लू का ढाबा, होटल सयाजी एवं हवेली रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ढाबा आशियाना से चिकन करी एवं मटन करी के नमूने जांच हेतु लिए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लिए गए सभी खाद्य नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियम एवं विनियमों के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं मिठाई प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रतिष्ठान संचालकों की जिम्मेदारी है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी। #Vidisha