होटल एवं रेस्टोरेंटों में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच, सोयाबीन तेल का नमूना लिया
..
खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण एवं अनुज्ञप्ति की हुई जांच, संचालकों को दिए आवश्यक निर्देश
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी क्रम में रविवार को जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा विदिशा शहर के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कृष्णा स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, सैफ्रन रेस्टोरेंट, ग्रांड भेलसा होटल एवं रिवर साइड मीडो सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के पालन की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के रख-रखाव एवं निर्माण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया।
कृष्णा स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया, जिसे गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी। ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सकें। #Vidisha