*कायाकल्प अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित*
*कहलगांव, पीरपैंती एवं सन्हौला प्रखंडों के कार्यों की विभागवार समीक्षा, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हेतु दिए गए निर्देश*
भागलपुर, दिनांक - 02 अक्टूबर 2026. भागलपुर जिले में संचालित कायाकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, भागलपुर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कहलगांव, पीरपैंती एवं सन्हौला प्रखंडों में अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC), निदेशक, डीआरडीए, जिला पंचायत राज पदाधिकारी (DPRO), निदेशक, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम (NEP), जिला कल्याण पदाधिकारी (DWO), जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) एवं जिला समन्वयक, आईसीडीएस सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचलाधिकारी (CO), बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), कार्यक्रम पदाधिकारी (VB-GRAMG), प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO), प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (BWO), प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (BPRO), प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (BHM) भी उपस्थित रहे।
शिक्षा विभाग: समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि कायाकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में किए जा रहे कार्यों की प्रतिदिन की प्रगति तस्वीरों के माध्यम से साझा की जाए। विद्यालयों में प्रारंभ किए गए सुधारात्मक एवं आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों को तेजी से पूर्ण कराया जाए। मॉडल विद्यालयों के शैक्षणिक प्रदर्शन का आकलन करने के लिए पिछले शैक्षणिक वर्ष एवं वर्तमान शैक्षणिक वर्ष के परीक्षा परिणामों का तुलनात्मक अनुश्रवण किया जाए। जिन विद्यालयों के पास अपना भवन नहीं है, उनके लिए उपयुक्त भूमि का चिह्नांकन संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि भवन निर्माण की दिशा में अग्रेतर कार्रवाई की जा सके।
आईसीडीएस विभाग: आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके तहत पेयजल, क्रियाशील शौचालय एवं विद्युत व्यवस्था में आवश्यक सुधार लाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि केंद्रों का संचालन बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ सुनिश्चित हो सके।
स्वास्थ्य विभाग: कहलगांव, पीरपैंती एवं सन्हौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में नियमित टीकाकरण अभियान एवं परिवार नियोजन ऑपरेशन की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया। संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों में NICU एवं PICU वार्डों के सुचारू एवं प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया गया। सिविल सर्जन को संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की नियमित जांच एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।
पंचायत राज विभाग: मुख्यमंत्री ग्रामीण गली-नाली पक्कीकरण योजना से संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने तथा सहयोग पोर्टल, ई-डैशबोर्ड एवं मुख्यमंत्री क्यूआरटी (CM QRT) पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। पंचायत सरकार भवनों के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा CMS पोर्टल पर उपलब्ध लक्ष्यों एवं प्रविष्टियों के अनुरूप सोलर स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर बल दिया गया।
नगर विकास एवं आवास विभाग: कहलगांव एवं पीरपैंती नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को संबंधित योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त होते ही कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया। योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने एवं नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग: विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त करने एवं स्वीकृति के उपरांत कार्यारंभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ लक्षित लाभुकों तक समय पर पहुंच सके।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों एवं प्रखंडों में संचालित कार्यों का नियमित अनुश्रवण करने तथा प्रतिदिन की प्रगति एवं कार्यों की तस्वीरें साझा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
कायाकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों की आधारभूत संरचना में गुणात्मक सुधार लाना तथा आमजन को बेहतर, स्वच्छ एवं सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन द्वारा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभागवार प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Rural Development Department, Government of Bihar
Bihar Health Department
Icds Bihar
Social Welfare Department, Government of Bihar
#CMSamrat
#samratchoudhary
5 views | Bhagalpur, Bihar | Nov 2, 2026