समाहरणालय, भागलपुर
(जिला जन-सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति
*47 बिहार बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में पहुँचीं जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय, 500 बालिका कैडेट्स को किया संबोधित; शिक्षा, अनुशासन एवं आत्मनिर्भरता का दिया संदेश*
*दिनांक 01 नवंबर 2026, भागलपुर*
47 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर के तत्वावधान में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (WITI), बरारी में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-XVII) के नौवें दिन भागलपुर की जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने शिविर का दौरा किया तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रही लगभग 500 बालिका कैडेट्स से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि उक्त संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन दिनांक 24 अक्टूबर से 02 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। शिविर का संचालन 47 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर एवं कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में किया जा रहा है।
जिलाधिकारी के शिविर में आगमन पर कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र सिंह राणा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मेजर वेंडी द्वारा पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात कर्नल जितेंद्र सिंह राणा ने जिलाधिकारी को शिविर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों तथा बालिका कैडेट्स को दिए जा रहे एनसीसी प्रशिक्षण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने शिविर में उपस्थित लगभग 500 बालिका कैडेट्स को संबोधित करते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व, शिक्षा, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। युवा पीढ़ी में सामाजिक जागरूकता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव विकसित होना आवश्यक है।
उन्होंने बालिका कैडेट्स को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए अपने शैक्षणिक विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना, निरंतर मेहनत करना तथा अपनी क्षमताओं को पहचानना अत्यंत आवश्यक है। छात्राओं को अपने भविष्य के करियर के प्रति सजग रहने, उपलब्ध अवसरों का समुचित उपयोग करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कैडेट्स से संवाद करते हुए उनके प्रशिक्षण एवं अनुभवों की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने उन्हें अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं टीम भावना के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं में नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कैडेट्स के अनुशासन एवं प्रशिक्षण के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिविर में बालिका कैडेट्स को एनसीसी के नियमित प्रशिक्षण के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आत्मनिर्भरता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी एवं नेतृत्व के गुणों का विकास करना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
जिलाधिकारी के प्रेरणादायक संबोधन एवं उनके साथ हुए संवाद से बालिका कैडेट्स में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र सिंह राणा द्वारा जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य श्री राजीव रंजन को भी स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बटालियन के सैन्य अधिकारी, एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (ANOs), स्थायी अनुदेशक स्टाफ (PI Staff), गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर (GCI) एवं महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bhagalpur Police
Bhagalpur District Administration
#CMSamrat
#samratchoudhary
4 views | Bhagalpur, Bihar | Nov 1, 2026