समाहरणालय, भागलपुर
(जिला जन-सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति
*भारत की जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों का प्रशिक्षण जारी, प्रथम बैच का प्रशिक्षण संपन्न*
*दिनांक 01नवंबर 2026:-* भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या परिगणना) का कार्य बिहार राज्य में दिनांक 25 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक निर्धारित है। इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में PE ऐप के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी।
जिले में जनगणना कार्य के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला एवं चार्ज स्तर पर मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा जिला स्तरीय पदाधिकारियों, अन्य शासकीय सेवकों, फील्ड ट्रेनर, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
इसी क्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, अन्य शासकीय सेवकों एवं आईटी सहायकों का प्रशिक्षण पटना से आए मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा तीन बैचों में दो-दिवसीय प्रशिक्षण के रूप में दिनांक 30 अक्टूबर 2026 से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। जिला स्तर पर प्रथम बैच का प्रशिक्षण दिनांक 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। शेष दो बैचों का प्रशिक्षण भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। अंतिम बैच का प्रशिक्षण प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवगछिया अनुमंडल में दिनांक 3 एवं 4 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भारत की जनगणना-2027 में पहली बार स्व-गणना (Self Enumeration) का भी प्रावधान किया गया है। इसके तहत व्यक्ति जनगणना पोर्टल के माध्यम से दिनांक 10 जनवरी 2027 से 24 जनवरी 2027 तक स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
जनगणना की इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जा रही है, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जनगणना कार्य का सफल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#CMSamrat
#samratchoudhary
2 views | Bhagalpur, Bihar | Nov 1, 2026