गया जंक्शन पर यात्रियों की जेब और सामान पर हाथ साफ करने वाला गिरोह बेनकाब, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार, 1.05 लाख रुपये के चोरी के सामान बरामद
गयाजी। गया जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर उनके कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बुधवार को पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ, अपराध आसूचना शाखा, सीपीडीएस और राजकीय रेल थाना (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी के दो पीली धातु के लॉकेट, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 5600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन नालंदा और एक खगड़िया जिले का रहने वाला है। आरपीएफ रेलवे थानाध्यक्ष बनारसी यादव ने बताया की गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए संयुक्त टीम गश्ती कर रही थी। इस दौरान टीम में आरपीएफ पोस्ट गया के सहायक उपनिरीक्षक पवन कुमार, आरक्षी विकास कुमार, मुकेश कुमार और रौशन कुमार शामिल थे। इनके साथ अपराध आसूचना शाखा के आरक्षी विपिन कुमार, सीपीडीएस गया के उपनिरीक्षक मुकेश कुमार और राजकीय रेल थाना गया की महिला सिपाही 741 रागिनी कुमारी भी मौजूद थीं। गश्ती के दौरान टीम जब प्लेटफॉर्म संख्या-1बी के दिल्ली छोर की तरफ पहुंची तो वहां पेयजल नल के पास दो महिलाएं और दो पुरुष एक साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। चारों की गतिविधियों पर संदेह होने के बाद पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में चारों स्टेशन पर आने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सके। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाशी लेने का निर्णय लिया।
पूछताछ में यात्रियों का सामान चोरी करने की बात स्वीकारी
रेलवे सुरक्षा बल की पूछताछ में चारों ने बताया कि वे एक समूह बनाकर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाते थे और मौका देखकर उनके सामान की चोरी करते थे। यात्रियों की आवाजाही और भीड़भाड़ के बीच वे अपने मंसूबों को अंजाम देते थे। उनके पास से मिले सामान की जांच के बाद पुलिस ने चोरी की आशंका के आधार पर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
#gayadastak #गयापुलिस #GayaNews #गयाजी #GayaPolice #गया_हो #GayaJunction #gaya