प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक–10 सितंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
जिलाधिकारी ने टाल क्षेत्र के जमींदारी बांधों का किया सघन निरीक्षण: बाढ़ से निपटने हेतु 24 घंटे निगरानी व सतर्कता के सख्त निर्देश*
• जिलाधिकारी ने प्रशासनिक व तकनीकी टीम के साथ पेंदी, इसुआ एवं सगहा जमींदारी बांध का सघन मुआयना कर जलस्तर व सुरक्षात्मक तैयारियों का जायजा लिया।
• टाल क्षेत्र में गंगा नदी के बैकवाटर से प्रभावित होने वाले पेंदी, इसुआ एवं सगहा गांवों में जलभराव की स्थिति की समीक्षा की गई।
• बांधों और संवेदनशील बिंदुओं पर 24 घंटे अनवरत पेट्रोलिंग व निगरानी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई।
• किसी भी आपात स्थिति व कटाव से बचाव के लिए पर्याप्त संख्या में सैंडबैग तैयार रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल उपयोग करने का निर्देश दिया गया।
• राहत, बचाव एवं आपातकालीन आवागमन के लिए प्रभावित क्षेत्रों में स्पीड बोट की तैनाती सुनिश्चित की गई तथा पल-पल की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजने को कहा गया।
बिहारशरीफ (नालंदा):* सरमेरा प्रखंड में आयोजित समीक्षात्मक बैठक एवं जनसंवाद कार्यक्रम के तुरंत बाद जिलाधिकारी महोदया ने प्रशासनिक व तकनीकी अधिकारियों के पूरे अमले के साथ क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए टाल क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने पेंदी जमींदारी बांध, इसुआ जमींदारी बांध एवं सगहा जमींदारी बांध का स्थलीय मुआयना कर सुरक्षात्मक उपायों एवं जलस्तर की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मौके पर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम और स्पीड बोट पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात मिली। उल्लेखनीय है कि टाल क्षेत्र होने के कारण गंगा नदी के बैकवाटर से इस इलाके में तेजी से पानी का फैलाव होता है, जिससे मुख्य रूप से पेंदी, इसुआ एवं सगहा गांव प्रभावित होते हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य है, लेकिन जलस्तर में किसी भी संभावित वृद्धि को देखते हुए बांधों पर 24 घंटे अनवरत निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं एवं स्थानीय प्रशासन को तटबंधों की मजबूती बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सैंडबैग (बालू की बोरियां) तैयार रखने तथा आवश्यकता पड़ते ही तत्काल उनका प्रयोग कर कटाव रोकने का सख्त निर्देश दिया। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने, राहत कार्यों एवं सुरक्षित आवागमन के लिए चिन्हित स्थलों पर स्पीड बोट की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जमीनी स्तर पर चौबीसों घंटे चौकसी बरती जाए और किसी भी आपात परिस्थिति या अप्रत्याशित जलस्तर वृद्धि की सूचना अविलंब जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में आवागमन की सुगमता के लिए पुल और सड़क निर्माण की पुरजोर मांग रखी। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की इस मांग को अत्यंत गंभीरतापूर्वक लेते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता को अविलंब विस्तृत कार्य योजना (DPR) तैयार करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन इसे प्राथमिकता के आधार पर लेगा और जनहित के इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए हरसंभव ठोस प्रयास किए जाएंगे।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Water Resources Department, Government of Bihar
2 views | Nalanda, Bihar | Sep 10, 2026