#Balrampur ! नवरात्रि को लेकर पचपेड़वा में प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च...
अराजक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर, ड्रोन-कैमरों से होगी निगरानी; शांति और सौहार्द से त्योहार मनाने की अपील
#बलरामपुर। शारदीय नवरात्रि को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में है। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ पचपेड़वा कस्बे में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा बेहतर व्यवस्था के लिए सुझाव लिए। उन्होंने लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही माहौल बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
डीएम और एसपी ने बताया कि त्योहार के दौरान महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन और जुलूस के दौरान ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाहें फैलाने और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर साइबर व सोशल मीडिया सेल लगातार नजर रखेगी।
फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, उपजिलाधिकारी तुलसीपुर हेमन्त कुमार गुप्ता, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, पचपेड़वा थाना प्रभारी राज कुमार सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
#Balrampur #dmbalrampur #spbalrampur
Balrampur, Balrampur | Oct 19, 2026