बीएड कॉलेज मोड़ पर सड़क सुरक्षा अभियान, 11 वाहनों का चालान; 38,500 रुपये जुर्माना वसूला
लखीसराय। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला परिवहन विभाग की टीम ने बीएड कॉलेज मोड़ पर विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। परिवहन विभाग के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही कुल 38,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट इस्तेमाल और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने की जांच की गई। इसके अलावा ट्रैक्टरों के आवश्यक कागजात, बसों की छत पर यात्रियों के अनधिकृत परिवहन और वाहनों द्वारा निर्धारित गति सीमा के उल्लंघन की भी पड़ताल की गई।
परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया। विभाग का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है।