चुराह मर्डर केस में पहली गिरफ्तारी, आरोपी 5 दिन के पुलिस रिमांड पर
पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे, अन्य संदिग्धों पर भी कार्रवाई की तैयारी
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो चंबा।
चुराह उपमंडल के खुशनगरी (जुकयानी) क्षेत्र में तीन दिन पहले सामने आए नेगी राम हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पहली गिरफ्तारी की है। तीसा पुलिस ने हत्याकांड से संबंध पाए जाने पर गोविंद पुत्र उमेदा, निवासी गांव चुहाड़, डाकघर खुशनगरी को गिरफ्तार किया है। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने शुक्रवार को मामले में पांच से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर उनसे लंबी पूछताछ की थी। इसी पूछताछ के दौरान गोविंद की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। अब रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर वारदात के कारणों, घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास करेगी।
पुलिस की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। ऐसे में आने वाले समय में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्या था मामला?
तीन दिन पहले ग्राम पंचायत खुशनगरी के जुकयानी क्षेत्र में नेगी राम का शव झाड़ियों में मिला था। शव पर सिर और बाजू पर चोट के निशान पाए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की थी।
एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया है। अदालत से आरोपी को पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। उन्होंने कहा कि पूछताछ और जांच के दौरान जो भी व्यक्ति मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।