मणिमहेश यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुविधा-सुरक्षा पर विशेष फोकस
अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने सेक्टर में नियमित निगरानी के निर्देश, स्वच्छता, यातायात और आपदा प्रबंधन की होगी लगातार समीक्षा
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर, 22 अगस्त।
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुचारु संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अध्यक्ष श्री मणिमहेश न्यास एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा की अध्यक्षता में यात्रा के विभिन्न सेक्टरों में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा, मूलभूत सुविधाएं, कानून एवं व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, चिकित्सा, आपदा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं सहित विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई।
सेक्टर में नियमित भ्रमण करेंगे अधिकारी
अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने निर्धारित सेक्टर में नियमित रूप से उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की समस्याओं एवं शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने तथा किसी भी कमी अथवा अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को प्रभावी रखने पर जोर दिया गया।
लंगर, ढाबों और दुकानों पर भी रहेगी निगरानी
लंगर, ढाबों एवं दुकानों में निर्धारित नियमों के पालन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। वहीं पार्किंग व्यवस्था और श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को विशेष ध्यान देने को कहा गया।
स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में यात्रा मार्ग, पड़ाव स्थलों, लंगर क्षेत्रों, दुकानों और पार्किंग स्थलों पर स्वच्छता की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। सफाई कर्मचारियों एवं ग्रीनलैंड सैनिटेशन सर्विसेज द्वारा किए जा रहे कार्यों की निगरानी, कूड़े का समयबद्ध उठान और उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। श्रद्धालुओं को भी कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने के लिए जागरूक किया जाएगा।
नियंत्रण कक्ष से लगातार संपर्क रखने के निर्देश
किसी भी आपदा, आपात स्थिति, यातायात बाधा अथवा श्रद्धालुओं से संबंधित शिकायत की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को वॉकी-टॉकी एवं अन्य संचार माध्यमों से नियंत्रण कक्ष के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने को कहा गया।
SDM भरमौर कार्यालय: 01895-225027
SHO भरमौर: 01895-225026
नियंत्रण कक्ष: +91-94594-80602
श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील
एडीएम विकास शर्मा ने श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों, लंगर संचालकों, दुकानदारों और यात्रा से जुड़े सभी लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने तथा धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने का भी आग्रह किया।