रुनुकोठी में आयुष विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट का स्वास्थ्य शिविर, 93 लोगों की जांच
चंबा, 22 अगस्त। आयुष विभाग चंबा की मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा जनजातीय क्षेत्र भरमौर की तहसील भरमौर के गांव रुनुकोठी में एकदिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दुर्गम एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार के समीप स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना रहा।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिता शर्मा के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित शिविर में कुल 93 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान 17 लोगों के शुगर टेस्ट, 8 लोगों के हीमोग्लोबिन टेस्ट के साथ रक्तचाप की भी जांच की गई।
चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर बीमारी के अनुसार आवश्यक आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित कीं तथा स्वास्थ्य संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विभिन्न योगासन भी करवाए गए। साथ ही आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित आईईसी सामग्री वितरित की गई।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिता शर्मा ने बताया कि शिविर की जानकारी लोगों को पहले से दी गई थी, जिसके चलते बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाई। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को घर-द्वार के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
शिविर में डॉ. राजिंदर ठाकुर, डॉ. प्रदीप ठाकुर, आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारी दलीप जरयाल, पवन कुमार, तिलक और राजुकुमार ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर को सफल बनाने में उपमंडलीय भरमौर आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।