कादरीगेट पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, कटे हुए पुर्जे और अवैध तमंचा-कारतूस बरामद
फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने और चोरी के वाहनों के पुर्जे बेचने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, उनके कटे हुए पुर्जे और अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के कुशल पर्यवेक्षण में की गई। अपराध एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी टीम व थाना कादरीगेट पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के मुताबिक, 14/15 सितंबर 2026 की रात थाना कादरीगेट क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। साथ ही मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे, टायर, इंजन समेत अन्य सामान भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश कुमार उर्फ आयुष पुत्र जितेंद्र सिंह, निवासी ग्राम दिघिया, थाना बिछवां, जनपद मैनपुरी तथा मोहम्मद कासिम पुत्र फैजुल्ला उर्फ जमील, निवासी खेड़ा कस्सा शाहबाद, थाना शाहबाद, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। कासिम वर्तमान में अमोखेड़ी, थाना कादरीगेट, जनपद फर्रुखाबाद में रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करने और उनके पुर्जे अलग-अलग कर बेचने की बात बताई है। आरोपी अवनीश के पास से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
बरामदगी के आधार पर थाना कादरीगेट में मुकदमा अपराध संख्या 217/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2), 317(4), 317(5), 238 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामान
चोरी की 03 मोटरसाइकिलें
मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे
11 शोकर रॉड
06 शीशे
12 साइलेंसर
मोटरसाइकिल की रिम समेत अन्य सामान
01 अवैध तमंचा
01 जिंदा कारतूस
पुलिस की इस कार्रवाई से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
#फर्रुखाबाद #कादरीगेट #फर्रुखाबादपुलिस #बाइकचोरगिरोह #मोटरसाइकिलचोरी #पुलिसकार्रवाई #गिरफ्तारी #चोरीकीबाइक #अवैधतमंचा #आर्म्सएक्ट #एसओजी #कानूनव्यवस्था #अपराधियोंपरशिकंजा #FarrukhabadNews #KadriGate #UPPolice #PoliceAction #CrimeNews #BreakingNews #BikeTheft #NewsUpdate