अमृतपुर में गणेश महोत्सव की धूम, ठाकुरद्वारा से करनपुर दत्त तक गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे
विभिन्न गांवों में विधि-विधान से स्थापित हुईं गणेश प्रतिमाएं, श्रद्धालुओं में उत्साह
अमृतपुर, फर्रुखाबाद। गणेश महोत्सव को लेकर अमृतपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। प्राचीन धार्मिक स्थल ठाकुरद्वारा से लेकर मुझहा और करनपुर दत्त तक जगह-जगह भगवान गणेश की भव्य प्रतिमाओं की स्थापना की गई। वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजा-अर्चना और गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
प्राचीन ठाकुरद्वारा में श्री प्रथम पूज्य गणेश समिति की ओर से करीब पांच फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। आचार्य देव अग्निहोत्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रतिमा की स्थापना कराई। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिमा का विसर्जन 22 सितंबर को किया जाएगा।
इसी क्रम में श्री सिद्धि विनायक समिति के तत्वावधान में ठाकुरद्वारा स्थित हनुमान प्रतिमा के समीप करीब छह फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। यहां भी आचार्य देव अग्निहोत्री द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई गई। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिमा का विसर्जन 25 सितंबर को किया जाएगा।
मुझहा और करनपुर दत्त में भी दिखा उत्साह
ग्राम मुझहा में गणेश महोत्सव को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नंदकिशोर मिश्रा के आवास पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। इसके अलावा समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से एक अन्य प्रतिमा की भी स्थापना की गई।
आयोजन में भूरे यादव, राघव मिश्रा, बलराम यादव, रेशमपाल यादव, दीपू मिश्रा, कमलेश यादव, पप्पू श्रीवास्तव, गोपाल मिश्रा, पवीन मिश्रा, शिशुपाल यादव और लालमनि मिश्रा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहयोग किया।
वहीं ग्राम करनपुर दत्त में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से फूलमती माता मंदिर परिसर में करीब सवा छह फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, शांति और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिमा का विसर्जन 24 सितंबर को किया जाएगा।
गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही अमृतपुर क्षेत्र में धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया है। मंदिरों और पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। आगामी विसर्जन कार्यक्रमों को लेकर आयोजन समितियां तैयारियों में जुटी हुई हैं।
गणपति बप्पा मोरया! मंगल मूर्ति मोरया!
#GaneshMahotsav #GanpatiBappaMorya #Amritpur #Farrukhabad #GaneshChaturthi #ReligiousNews #Thakurdwara #KarnapurDatt #Mujha #गणेशमहोत्सव #गणपतिबप्पामोरया #अमृतपुर #फर्रुखाबाद #धार्मिकआयोजन #सनातनधर्म #बड़ीखबर