जमुई के गरसंडा घाट पर भगवान भाष्कर की प्रतिमा स्थापित कर की गई पूजा अर्चना
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गरसंडा घाट पर रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। घाट पर विधि-विधान के साथ भगवान भाष्कर की प्रतिमा स्थापित की गई। इस दौरान विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। रविवार की शाम करीब 4 बजे के बाद से विभिन्न जगहों से आए छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान भाष्कर की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। बारी-बारी से श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर की प्रतिमा का दर्शन कर आरती की।
इस दौरान पूरा छठ घाट व्रतियों व श्रद्धालुओं से गुलजार बना रहा। लोग हर्षोल्लास के साथ माथे पर डलिया लेकर घाट पहुंचे। कई छठ व्रती दंडवत करती हुई घाट पर पहुंचीं और भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। घाट पर जमकर आतिशबाजी भी हुई। छठ गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूजा समिति के सदस्यों ने घूम-घूम कर जायजा लिया और माइकिंग के माध्यम से दिशा-निर्देश दिए। पूजा समिति के अध्यक्ष आशुतोष पांडेय, सचिव मुन्ना पांडे, कोषाध्यक्ष आनंद पांडेय, उपसचिव रमन पांडेय, सुमंत पांडेय, सन्नी पांडेय, मुकेश पांडेय, मोनू पांडेय, अजय साव, मनोज सिन्हा, नीरज पांडेय, शुभम पांडेय, दीपक पांडेय, कालीचरण पांडेय और अमित पांडेय समेत अन्य सदस्यों ने व्यवस्था संभाली।
घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। समिति के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी व्यवस्था बनाने में सहयोग किया। घाट पर साफ-सफाई, लाइट और बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था की गई थी, ताकि व्रतियों को अर्घ्य देने में कोई दिक्कत न हो।
शाम ढलते ही घाट का दृश्य अत्यंत मनोरम हो गया। दीयों की रोशनी, अगरबत्ती की खुशबू और छठ गीतों की स्वर लहरियों से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा। महिलाएं पूरी आस्था के साथ पानी में खड़ी होकर सूर्य देव को अर्घ्य देती नजर आईं। परिवार के सदस्य भी पूजा में सहयोग करते दिखे।
गौरतलब है कि सोमवार की अहले सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हो जाएगा। इसके लिए भी गरसंडा घाट पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। #jamui #chhath #छठ #वायरल #chhathpooja #Biharkgarvchathmhaparv
#samrat4bjp
Jamui, Jamui | Nov 20, 2026