सण्डीला तहसील में खाद्य एवं रसद विभाग का जनता दिवस, 141 आवेदन प्राप्त; 53 का मौके पर निस्तारण
हरदोई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सण्डीला के आदेश के अनुपालन में मंगलवार को तहसील सण्डीला कार्यालय में खाद्य एवं रसद विभाग से संबंधित जनता दिवस का आयोजन किया गया। जनता दिवस सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जीतेन्द्र पाठक, पूर्ति निरीक्षक नरेन्द्र कुमार चौबे, पूर्ति निरीक्षक प्रमोद पांचाल तथा पूर्ति निरीक्षक राकेश मल्ल ने विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्रों के राशन कार्डों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए और उनके निस्तारण की कार्रवाई की।
जनता दिवस के दौरान कुल 141 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 53 आवेदनों का नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर ही तत्काल निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष 88 आवेदन पत्रों पर कार्रवाई प्रक्रियाधीन है, जिनका निस्तारण यथाशीघ्र किए जाने की बात अधिकारियों ने कही।
अधिकारियों ने बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अब प्रत्येक मंगलवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तहसील सण्डीला कार्यालय में जनता दिवस आयोजित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य आमजन की राशन कार्ड तथा खाद्य एवं रसद विभाग से संबंधित समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।