माधौगंज में दुकानदार को अगवा कर कारखाने में पीटने का आरोप, रंगदारी मांगने और चेन छीनने की तहरीर
माधौगंज (हरदोई)। कस्बे में एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार को कथित तौर पर अगवा कर कारखाने में बंधक बनाकर पीटने, रंगदारी मांगने और सोने की चेन व नकदी छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार ने माधौगंज थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बिलग्राम थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी अनुभव त्रिवेदी पुत्र विवेक माधौगंज में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाते हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक 16 सितंबर को करीब 11 बजे वह बैंक जा रहे थे। आरोप है कि माधौगंज चौराहे के पास मल्लावां रोड पर सहजना निवासी हरीओम पटेल, भैंसी खेड़ा निवासी अमित पटेल और दो अज्ञात लोगों ने उन्हें जबरन पकड़ लिया और पिकअप वाहन में लादकर ले गए।
पीड़ित का आरोप है कि उसे कस्बे में स्थित जतिन पटेल के कारखाने में ले जाकर शटर बंद कर दिया गया। वहां आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इस दौरान उससे 25 हजार रुपये की रंगदारी भी मांगी गई।
तहरीर में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन और जेब में रखे तीन हजार रुपये भी छीन लिए। इसके बाद धमकी देते हुए उसे कारखाने से बाहर छोड़ दिया गया।
पीड़ित के मुताबिक घटना से संबंधित रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है। उसने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी थी।
Bilgram, Hardoi | Sep 19, 2026