भंवरसेन पहाड़ पर काली मां की प्रतिमा खंडित होने की खबर से भड़के श्रद्धालु, सड़क पर उतरे लोग; गूंजा नारा—“हमारी माता हमें वापस करो”
प्रतिमा को लेकर आक्रोश, आंदोलन के बीच उठे कई सवाल; आखिर प्रतिमा किसने और कैसे खंडित की? पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग।
सीधी। जिले के भंवरसेन पहाड़ पर स्थित काली मां की प्रतिमा खंडित किए जाने की बात सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। आक्रोशित श्रद्धालु सड़क पर उतरकर आंदोलन करने पहुंचे। इस दौरान चारों तरफ एक ही नारा गूंजता रहा—“हमारी माता हमें वापस करो।” लोगों ने अपनी धार्मिक आस्था और भावनाओं से जुड़े इस मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल भी सामने आ रहे हैं, जिनकी सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। आखिर काली मां की प्रतिमा वास्तव में किसने और किन परिस्थितियों में खंडित की? जब पहाड़ी की ऊंचाई, दुर्गम रास्ते और खाईनुमा क्षेत्र को देखते हुए प्रशासन द्वारा आम लोगों के दर्शन पर प्रतिबंध लगाया गया था और वहां निगरानी के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी, तो फिर यह घटना कैसे हुई?
इसके अलावा प्रतिमा की स्थापना, स्वप्न में माता के दर्शन होने और प्रतिमा के प्रकट होने से जुड़े दावों की वास्तविकता भी जांच का विषय है। क्या इन दावों के पीछे कोई धार्मिक मान्यता और आस्था का आधार है या फिर पूरे मामले में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है? इन तमाम पहलुओं की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
फिलहाल श्रद्धालुओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और जांच में आखिर क्या सच्चाई सामने आती है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पहाड़ पर आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित था, तो काली मां की प्रतिमा तक पहुंचकर उसे किसने खंडित किया? इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।