#बलरामपुर पुलिस की पहल: मिशन शक्ति अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचीं टीमें, दिए सुरक्षा मंत्र
बलरामपुर। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व अधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए बलरामपुर पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और मिशन शक्ति के नोडल प्रभारी व एएसपी विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में गुरुवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में वृहद जनजागरूकता अभियान चलाया गया। मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में पहुंचकर बालिकाओं व महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और त्वरित निस्तारण का भरोसा दिया। कार्यक्रम में दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध (डिजिटल अरेस्ट) और गुड टच-बैड टच के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बाल विवाह व दहेज प्रथा को सामाजिक कुरीति बताते हुए कहा कि यह कानूनन दंडनीय अपराध है।
आपातकालीन स्थिति में डायल करें ये हेल्पलाइन नंबर:
महिलाओं की तुरंत मदद के लिए पुलिस ने प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी और पम्पलेट भी बांटे:
1090 – वूमेन पावर लाइन
112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
1930 – साइबर हेल्पलाइन
181 – महिला हेल्पलाइन
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
108 / 102 – एम्बुलेंस व स्वास्थ्य सेवा
इसके अलावा थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र के बारे में बताया गया ताकि पीड़िताएं बेझिझक सहायता प्राप्त कर सकें। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।