#बलरामपुर में बैंकों व वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सख्त, सघन चेकिंग अभियान चलाकर साइबर ठगी के प्रति किया गया जागरूक
बलरामपुर। जनपद में वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आमजन को साइबर अपराधों से बचाने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत जिले भर के समस्त बैंकों, डाकघरों, जनसेवा केंद्रों एवं अन्य वित्तीय संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
अभियान के दौरान समस्त प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों, चौकी प्रभारियों और 'मिशन शक्ति' टीम ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों व अन्य वित्तीय संस्थानों के परिसर तथा आसपास के इलाकों में गहन तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों व कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर वहां लगे सुरक्षा उपकरणों—जैसे सीसीटीवी कैमरे, सायरन और फायर अलार्म—की कार्यप्रणाली को जांचा।
चेकिंग के दौरान संस्थानों के आसपास मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी पड़ताल की गई। इसके साथ ही, बैंकों व जनसेवा केंद्रों पर आए नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचाव के तौर-तरीके बताते हुए जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे पूरी सतर्कता बरतें और परिसर में आने-जाने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति पर पैनी नजर रखें ताकि किसी भी अप्रिय घटना या वित्तीय धोखाधड़ी को रोका जा सके।
#balrampur #balrampurpolice