*फसल निरीक्षण के दौरान किसानों को कीट एवं रोग नियंत्रण की सलाह*
*कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न ग्रामों में खेतों का निरीक्षण कर किसानों को दिए आवश्यक सुझाव*
जिले में कृषि विभाग द्वारा विभिन्न ग्रामों में फसलों का नियमित निरीक्षण कर किसानों को कीट एवं रोग प्रबंधन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान कई खेतों में फसलों की स्थिति सामान्य पाई गई, वहीं कुछ खेतों में कीट एवं रोग का प्रारंभिक प्रकोप भी पाया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को फसल की नियमित निगरानी करने तथा प्रारंभिक अवस्था में ही आवश्यक नियंत्रण उपाय अपनाने की सलाह दी।
ग्राम झिझरी में कृषक श्री जगन्नाथ दुबे के सोयाबीन खेत के निरीक्षण के दौरान लगभग दो-तिहाई क्षेत्र में फसल का अच्छा जमाव एवं फली लगना पाया गया, जबकि जलभराव के कारण लगभग एक-तिहाई क्षेत्र में कम जमाव की स्थिति देखी गई। ग्राम सिंघपुर में कृषक श्रीमती नरबदिया बाई के धान खेत में पत्ता लपेटक कीट का प्रारंभिक प्रकोप पाया गया। इसके नियंत्रण के लिए नीम तेल एवं ब्युवेरिया बेसियाना के छिड़काव की सलाह दी गई।
विकासखंड मेंहदवानी के ग्राम ददरगांव में कृषक श्री संतोष पिता मोहन तथा ग्राम ताला में कृषक श्री महासिंह पिता जोहन के धान खेतों में बैक्टीरियल लीफ ब्लाइट एवं ब्राउन प्लांट हॉपर का प्रकोप पाया गया। किसानों को फसल में कीट एवं रोग के नियंत्रण के लिए अनुशंसित दवाओं का निर्धारित मात्रा में छिड़काव करने की सलाह दी गई। इसी प्रकार विकासखंड अमरपुर में कृषक श्री माखन साहू के खेत में पत्ता लपेटक कीट का प्रारंभिक प्रकोप पाए जाने पर नीम तेल के उपयोग की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कीटों का प्रकोप आर्थिक क्षति स्तर से अधिक होने पर ही अनुशंसित कीटनाशकों का प्रयोग किया जाना चाहिए।
विकासखंड बजाग के ग्राम गिरवरपुर में कृषक श्री अमित कुमार मरावी के खेत में ब्राउन प्लांट हॉपर का प्रकोप पाया गया। इसके नियंत्रण के लिए आवश्यक अनुशंसित दवा के छिड़काव की सलाह दी गई। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसलों का नियमित निरीक्षण करते रहें तथा कीट एवं रोग के प्रारंभिक लक्षण दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों एवं मैदानी अमले से सलाह लेकर उचित नियंत्रण उपाय अपनाएं।#Dindori #AgricultureDepartment #CropProtection #FarmerAdvisory #PestManagement #KisanKalyan #Soybean #Paddy #MadhyaPradesh #JansamparkDindori