रुद्रप्रयाग जिले के तल्ला नागपुर को बड़ी सौगात!! सारी-बिजराकोट सड़क के डामरीकरण के लिए ₹2.80 करोड़ मंजूर, ग्रामीणों में खुशी की लहर!!
3.15 किलोमीटर सड़क बनेगी पक्की, क्षेत्रीय जनता ने कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी का जताया आभार, आवागमन की सुविधा मिलने की जगी उम्मीद,,
जनपद रुद्रप्रयाग के तल्ला नागपुर क्षेत्र के लिए सड़क सुविधा के लिहाज से बड़ी खुशखबरी है। सारी–बिजराकोट मोटर मार्ग के 3.15 किलोमीटर हिस्से के डामरीकरण के लिए राज्य योजना के अंतर्गत ₹2.80 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के बाद क्षेत्रीय ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
लंबे समय से बेहतर सड़क सुविधा की उम्मीद लगाए बैठे ग्रामीणों को अब सड़क के पक्कीकरण से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। डामरीकरण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा। साथ ही स्थानीय लोगों को दैनिक आवाजाही, कृषि उत्पादों के परिवहन और अन्य जरूरी कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।
इस सौगात के लिए क्षेत्रीय जनता ने ग्राम्य विकास एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री भरत सिंह चौधरी का आभार जताया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश सरकार का भी धन्यवाद किया।
इस अवसर पर मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग जनपद के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
सारी–बिजराकोट सड़क के डामरीकरण के लिए मिली यह स्वीकृति तल्ला नागपुर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अब क्षेत्रवासियों को कार्य शुरू होने और समयबद्ध तरीके से पूरा होने का इंतजार है।
#तल्लानागपुर #सारीबिजराकोटसड़क #रुद्रप्रयाग #भरतसिंहचौधरी #सड़कविकास #उत्तराखंडविकास #पहाड़ोंकाविकास #UttarakhandNews
Rudraprayag, Rudraprayag | Nov 13, 2026