#कहानी_बदलाव_की
शिवांग गर्ग ने साकार किया स्व-रोजगार का सपना, स्थापित की अपनी ‘‘प्रिंटिंग प्रेस’’
शिवपुरी, 23 सितम्बर 2026/ जिले के कोलारस अप्रोच रोड मानीपुरा निवासी युवा शिवांग गर्ग अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद स्व-रोजगार स्थापित करना चाहते थे। ग्रेजुएशन की पढ़ाई के उपरांत घर पर रहकर माता-पिता एवं अभिभावकों की देखभाल करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर थी। स्थानीय स्तर पर ही कोई स्थाई व्यवसाय शुरू करने की सोच के साथ वे निरंतर अवसरों की तलाश कर रहे थे, ताकि परिवार के समीप रहकर ही आत्मनिर्भर बना जा सके।
इसी दौरान शिवांग को केंद्र शासन की ‘‘प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम’’ योजना की जानकारी प्राप्त हुई। योजना के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्राप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र शिवपुरी में पदस्थ अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों द्वारा योजना की पात्रता एवं सब्सिडी की पूर्ण जानकारी मिलने के बाद शिवांग ने ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया। प्रकरण स्वीकृत होने के उपरांत केनरा बैंक शाखा कोलारस द्वारा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराकर उन्हें 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया।
व्यवसाय का विस्तार व आधुनिक प्रिंटिंग प्रेस की स्थापना
बैंक से प्राप्त वित्तीय सहायता के बल पर शिवांग गर्ग ने अपनी खुद की व्यावसायिक इकाई गर्ग प्रिंटिंग प्रेस की शुरुआत की। उन्होंने आधुनिक फ्लेक्स एवं प्रिंटिंग मशीनों को स्थापित किया, जिससे गुणवत्तापूर्ण छपाई का कार्य शुरू हुआ। उत्कृष्ट कार्य एवं बेहतर सेवाओं के दम पर बाजार में उनकी प्रिंटिंग प्रेस की मांग तेजी से बढ़ी, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और व्यवसाय सुचारू रूप से स्थापित हो गया।
सामाजिक प्रभाव एवं रोजगार सृजन
शिवांग गर्ग न केवल स्वयं एक सफल और आत्मनिर्भर उद्यमी बने हैं, बल्कि उन्होंने अपनी इकाई में 3 अन्य स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी प्रदान किया है। आज वे क्षेत्र के अन्य शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं के लिए एक मिसाल और प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं, जो नौकरी की तलाश करने के बजाय स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की सोच रखते हैं।
प्रधानमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा युवाओं को मिल रहे सतत मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से जिले में स्व-रोजगार को नई गति मिल रही है। सफल उद्यमी शिवांग गर्ग ने अपनी इस उपलब्धि और सफलता के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, जिला प्रशासन का हृदय से आभार व धन्यवाद व्यक्त किया है।
PMO India
#shivpuri
1 views | Shivpuri, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026