देवीपाटन मंडल के 46,800 युवाओं को मिली डिजिटल उड़ान, सीएम योगी ने गोंडा से किया टैबलेट वितरण।
गोंडा। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देवीपाटन मंडल के चार जिलों बलरामपुर, गोंडा, बहराइच और श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को टैबलेट सौंपते हुए डिजिटल तकनीक का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने में करने का आह्वान किया। इस दौरान मंडल के विभिन्न जनपदों के सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सीएम योगी के संबोधन की प्रमुख बातें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोंडा और बहराइच में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं। बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है, वहीं श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। थारू संग्रहालय भी तैयार हो चुका है।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने देवीपाटन मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिसका असर अब धरातल पर दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “यूपी का युवा, यूपी की ताकत है। यूपी का युवा प्रदेश का पावर हाउस है।” उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता का सही उपयोग होने से उत्तर प्रदेश आज बीमारू राज्य की पहचान से निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है।
सीएम योगी ने युवाओं से कहा कि अपने टैबलेट को चार्ज रखने के साथ-साथ अपने सपनों और संकल्पों को भी हमेशा जीवंत रखें। उन्होंने तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सकारात्मक उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि AI युवाओं के लिए सशक्त बनाने वाला उपकरण होना चाहिए, न कि उनके दिमाग पर हावी होने वाला साधन।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल घोषणाएं करने या मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता, बल्कि विकास के लिए समय, समर्पण और स्पष्ट विजन की आवश्यकता होती है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
#Gonda #Balrampur #Bahraich #Shravasti #DevipatanMandal #YogiAdityanath #CMYogi #TabletDistribution #SwamiVivekanandaYuvaSashaktikaranYojana #UPNews #UttarPradesh #DigitalIndia #युवा_सशक्तीकरण #बलरामपुर #गोंडा #बहराइच #श्रावस्ती #मुख्यमंत्री_योगी_आदित्यनाथ