होमगार्ड–एसडीईआरएफ की पहल, पीएम श्री कन्या विद्यालय में आपदा, अग्नि सुरक्षा एवं सीपीआर का दिया प्रशिक्षण
---
जिले में आपदा प्रबंधन एवं जनसुरक्षा के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पीएम श्री कन्या विद्यालय सूरजकुंड में बाढ़ आपदा, अग्नि सुरक्षा, बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर पर व्यावहारिक डेमो प्रशिक्षण गुरुवार को आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्यालय होमगार्ड्स, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मापदंडों के अनुसार डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट श्री आशीष कुमार कुशवाहा के मार्गदर्शन एवं प्लाटून कमाण्डर श्री मनीष यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कमाण्डेंट श्री आशीष कुमार कुशवाहा ने बताया की प्रशिक्षण के दौरान होमगार्ड एवं एसडीई आर एफ के जवानों ने विद्यार्थियों के साथ बाढ़ एवं जल आपदा की स्थिति में सुरक्षित बचाव, आपातकालीन प्रतिक्रिया, अग्नि सुरक्षा एवं अग्निशमन के प्राथमिक उपायों के साथ-साथ प्राथमिक उपचार और सीपीआर की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों को आकस्मिक परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से प्रतिक्रिया देने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के महत्वपूर्ण पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट श्री आशीष कुमार कुशवाहा ने कहा कि आपदा प्रबंधन में जनसहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में इस प्रकार के प्रशिक्षण से विद्यार्थी स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और समुदाय में भी सुरक्षा एवं बचाव संबंधी जानकारी का प्रभावी प्रसार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं एस डी ई आर एफ द्वारा जिले में आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार से संबंधित प्रशिक्षण गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।
Jansampark Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#khandwa
4 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026