बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत दियारा क्षेत्र के पांच पंचायतों दादूपुर, बिशनपुर, चमथा एक, दो और तीन के बाढ़ प्रभावित लोग समस्तीपुर जिले के विद्यापति नगर प्रखंड और केवट स्थान लगमा सहित बछवाड़ा प्रखंड के अलग-अलग इलाकों और गांवों में रह रहे हैं। इन लोगों तक पशुओं का चारा और पॉलीथिन शीट ठीक से नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है और समय से भोजन न मिलने पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पशु चिकित्सा टीम और स्वास्थ्य टीम विभिन्न कैंपों पर सक्रिय होकर पीड़ितों को सुविधाएं दे रही हैं।
पीड़ित अनिता कुमारी, शोभा देवी, कबूतरी देवी, विनोद पासवान, चंद्रशेखर कुमार, वीरेंद्र पासवान, अनिल कुमार महतो, प्रमोद कुमार, शिव लखन राय, गजेंद्र राय, चमरू राय, गणेश यादव, दिनेश राय, छोटेलाल पोद्दार, रोहित कुमार, अर्जुन कुमार और पंकज कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि उन्हें समय पर भोजन नहीं मिलता है और दोनों समय सिर्फ चावल-दाल ही दिया जा रहा है। साथ ही, पशुओं का चारा भी नहीं मिला है, जिससे दिक्कतें बढ़ गई हैं।
पीड़ितों ने यह भी बताया कि सिर ढकने के लिए पॉलीथिन शीट भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। मजबूरी में उन्हें खुले आसमान के नीचे रहना पड़ रहा है और बारिश होने पर इधर-उधर भागना पड़ता है।
वार्ड सदस्य विद्यापति ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने पॉलीथिन शीट वितरण को लेकर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जीआर सूची के हिसाब से पॉलीथिन शीट नहीं दी जा रही है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है और पीड़ित नाराजगी जता रहे हैं। कई केंद्रों पर तो पशु चारा भी अभी तक वितरित नहीं किया गया है।
चमथा तीन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शिवनारायण राउत ने कहा कि वे सरकारी व्यवस्थाओं के दावों से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ पीड़ितों तक पर्याप्त पॉलीथिन शीट नहीं मिल पा रही हैं और पशु चारा भी ठीक से नहीं दिया जा रहा है। साथ ही, पीड़ितों को समय से भोजन भी नहीं कराया जाता है। उन्होंने साफ कहा कि जो सुविधाएं दी जा रही हैं, वे पीड़ितों तक ठीक से पहुंचाई जाएं।
इस संबंध में अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों तक व्यवस्थाएं पहुंच रही है। पशु चारा, पॉलीथिन शीट वितरण किया गया है एवं सामुदायिक किचनों पर भोजन दिए जा रहे हैं, साथ ही बच्चों के लिए दूध, बिस्कुट और सुबह में सत्तू चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंचल प्रशासन बाढ़ पीड़ितों के बीच मुस्तैद है और पीड़ितों तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही है।
Bachhwara, Begusarai | Sep 10, 2026